Visitors have accessed this post 976 times.

मुरादाबाद में बेटी होने के चलते पति द्वारा एक महिला के चेहरे पर तेजाब फेंकने का दर्दनाक मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

मामला सिविल लाइंस के बसेरा कॉलोनी का है। नागफनी के न्यारियान मोहल्ला निवासी फराह की शादी चक्कर की मिलक निवासी सिराज के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद फराह ने एक बेटी मुस्कान को जन्म दिया। इसके बाद से ही ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करने लगे। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे तरह-तरह से यातनाएं दी जाती थीं।

परेशान होने पर पीड़िता ने सिविल लाइंस पुलिस से भी गुहार लगाई थी। उस वक्त पुलिस ने मामले में समझौता करा दिया था। 4 दिन पूर्व भी सास नसीम जहां ने फराह को ताने देने शुरू कर दिए। उसने बेटे सिराज को भी खूब खरी-खोटी सुनाई। इससे गुस्साए सिराज ने रविवार रात घर में सो रही पत्नी फराह के ऊपर तेजाब डाल दिया।

फराह की चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले लोगों के अलावा फराह की बहन नुसरत मौके पर पहुंची। उसने पुलिस की सहायता से तेजाब से झुलसी फराह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।