Visitors have accessed this post 400 times.

हाथरस। केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा महात्मा गांधी से जुड़ी मनरेगा योजना के नाम में परिवर्तन किए जाने के विरोध में सोमवार को हाथरस में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी हाथरस के बैनर तले यह विरोध प्रदर्शन गांधी पार्क तिराहे स्थित स्वच्छ चौक पर गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय एवं शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की यह कार्रवाई गांधी जी की विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और गरीब-मजदूरों के कानूनी अधिकारों पर सीधा हमला है। जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने कहा कि मोदी सरकार की तानाशाही और मजदूर विरोधी मानसिकता अब देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है और युवा वर्ग इसका पुरजोर विरोध कर रहा है।
वहीं शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र का लगातार हनन हो रहा है और गरीब, किसान व मजदूरों के हितों की अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस नेताओं ने देश के राष्ट्रपति से मांग की कि मजदूर विरोधी सोच से प्रेरित इस बिल को तत्काल प्रभाव से रद्द कर तानाशाही प्रवृत्तियों पर रोक लगाई जाए। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक कुमार गुप्त, प्रदेश सचिव विनोद सहयोगी, अवधेश बख्शी, अजीत गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।