Visitors have accessed this post 48 times.

हाथरस। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व व निर्देशन में संचालित किया गया।
निरीक्षण के दौरान अलीगढ़ रोड, आगरा-सादाबाद रोड तथा मथुरा रोड पर स्थित ढाबों, होटलों एवं रेस्टोरेंटों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने मौके पर प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, ताजा भोजन परोसने तथा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने एवं वाहनों की पार्किंग सड़क से दूर रखने को भी कहा गया।
अलीगढ़ रोड स्थित बाबा ढाबा, श्री भगवान ढाबा, रूहल समामाई स्थित चौधरी ढाबा, हनुमान चौकी के निकट श्री बजरंग रेस्टोरेंट तथा सासनी की चटोरी गली रेस्टोरेंट की जांच की गई। इसी प्रकार आगरा-सादाबाद रोड पर आशु ढाबा, पंडित ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट, ईडन गार्डन फैमिली रेस्टोरेंट, लकी ढाबा और कान्हा ढाबा का निरीक्षण कर आवश्यक साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।
मुरसान रोड एवं अन्य क्षेत्रों में भी कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें अर्पिता ढाबा, सरपंच ढाबा, अविसी फैमिली ढाबा एंड रेस्टोरेंट, जीएस फैमिली रेस्टोरेंट सहित एलोरा चौराहा और देवी नगर जंक्शन क्षेत्र के मिठाई व नाश्ता विक्रेताओं का निरीक्षण शामिल रहा।
तहसील सादाबाद क्षेत्र स्थित श्री श्याम बाबा स्वीट हाउस के विरुद्ध प्राप्त शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। मिलावट के संदेह पर यहां से मिल्क केक का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय नगला रत्ना में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की भी जांच की गई। तैयार तहरी का नमूना लिया गया तथा विद्यालय में उपस्थित 50 बच्चों को आईईसी गतिविधि के अंतर्गत खाद्य मिलावट की पहचान और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।