Visitors have accessed this post 254 times.
हाथरस। श्री 1008 श्री चंद्र प्रभू दिगंबर जैन मंदिर, नयाबांस समिति के चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो गए। चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष पद पर जैन नवयुवक सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जैन को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया, जबकि मंत्री और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया।
जानकारी के अनुसार, मंत्री पद के लिए यतीश जैन और ऋषभ जैन मैदान में थे, वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए हिमांशु जैन, विवेक जैन और राजा जैन प्रत्याशी थे। मतदान के उपरांत निर्वाचन अधिकारी धरणेन्द्र कुमार जैन द्वारा मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। 
मतगणना में मंत्री पद पर यतीश जैन को 37 वोट प्राप्त हुए, जबकि ऋषभ जैन को 18 वोट मिले। इसी प्रकार कोषाध्यक्ष पद पर हिमांशु जैन को 37 वोट, राजा जैन को 11 वोट और विवेक जैन को 7 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार निर्वाचन अधिकारी ने मंत्री पद पर यतीश जैन और कोषाध्यक्ष पद पर हिमांशु जैन को विजयी घोषित किया।
इससे पहले अध्यक्ष पद के लिए उमाशंकर जैन और सभासद प्रतिनिधि धीरज जैन ने नामांकन किया था, लेकिन धीरज जैन द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उमाशंकर जैन को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया था। 
चुनाव की पूरी प्रक्रिया श्री चंद्र प्रभू दिगंबर जैन मंदिर बगीची परिसर में संपन्न हुई, जिसमें वीडियोग्राफी के साथ पारदर्शी तरीके से मतगणना कराई गई। परिणाम घोषित होते ही समाज के लोगों ने अध्यक्ष उमाशंकर जैन, मंत्री यतीश जैन और कोषाध्यक्ष हिमांशु जैन का भव्य स्वागत किया और निर्वाचन अधिकारी का आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि चुनाव अधिकारी द्वारा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सराहनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नई कार्यकारिणी और शपथ ग्रहण समारोह की तिथि घोषित की जाएगी।
इस अवसर पर उमेशचंद जैन, सुभाष चंद्र जैन, अरविंद जैन, सतेंद्र जैन, कमलेश जैन, संजीव जैन, अमित जैन, अभिषेक जैन, राजकुमार जैन, रूपेश जैन, रतन जैन, कृतिक जैन, आकाश जैन, गगन जैन, मनोज जैन, राजू जैन, दीपक जैन, कुणाल जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









