Visitors have accessed this post 43 times.
हाथरस। नयाबांस स्थित अतिशय क्षेत्र श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में सोमवार को अष्टम तीर्थंकर भगवान श्री 1008 चंद्र प्रभु का पावन मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। त्याग, तप और वैराग्य की प्रतिमूर्ति भगवान के निर्वाण दिवस पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजन-अर्चन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में निर्वाण लड्डू अर्पण हेतु परंपरानुसार बोलियां लगाई गईं। प्रथम वेदी की बोली उमा शंकर जैन एवं शशि जैन ने, द्वितीय वेदी की बोली उमेश चंद जैन व ममता जैन ने तथा तृतीय वेदी की बोली आवास विकास निवासी रानू जैन ने ग्रहण की। बाल पंडित विशाल जैन के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने अत्यंत भक्ति भाव से निर्वाण लड्डू चढ़ाए।

कार्यक्रम के दौरान नव-निर्मित नयाबांस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में उमा शंकर जैन, मंत्री यतीश जैन एवं कोषाध्यक्ष हिमांशु जैन को चुनाव अधिकारी धरणेन्द्र कुमार जैन द्वारा मंदिर के प्रति निष्ठा और सेवा भाव की शपथ दिलाई गई।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सुभाष चंद्र जैन द्वारा दीप प्रज्वलन एवं धरणेन्द्र कुमार जैन द्वारा मंगलाचरण के साथ हुआ। साधारण सभा की बैठक में सदन की अनुमति के बाद संरक्षक मंडल एवं कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
संरक्षक मंडल में धरणेन्द्र कुमार जैन, मुकेश कुमार जैन, पवन जैन (आईटीआई), इंजीनियर पी.के. जैन, अरविंद जैन (राजा बाबू) को शामिल किया गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर धीरज जैन, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज जैन (अमीन), उपमंत्री सत्येंद्र जैन, प्रचार मंत्री अभिषेक जैन को दायित्व सौंपा गया।

कार्यकारिणी सदस्यों में उमेश चंद जैन, संजय जैन, रतन जैन, धर्मेंद्र जैन, जिनेंद्र जैन, मनोज जैन, राजकुमार जैन, अतुल जैन, आकाश जैन, अनूप जैन, अनुज जैन, पुलकित जैन सहित अन्य सदस्यों को शामिल किया गया।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन अधिकारी धरणेन्द्र कुमार जैन का भव्य स्वागत किया गया। उमा शंकर जैन के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नयागंज नेमिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के अध्यक्ष संदीप जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पूरे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया और समाज में संगठनात्मक एकता का संदेश दिया।










