Visitors have accessed this post 21 times.
हाथरस : होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में विशेष अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में तहसील सासनी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता की मौजूदगी में रुदायन रोड स्थित एस एस ट्रेडर्स पर छापा मारा गया। 
कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान पर विक्रय के लिए रखे खुले सरसों के तेल का नमूना जांच हेतु लिया गया तथा लगभग 50 लीटर सरसों का तेल सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इसके अलावा प्रतिष्ठान से केसर ब्रांड तेल का नमूना भी संग्रहित किया गया तथा मौके पर रखे करीब 60 लीटर तिल के तेल को भी सीज कर दिया गया। सभी नमूनों को विधिक परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह एवं सुरेंद्र कुमार गोड भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिलावटखोरों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।










