Visitors have accessed this post 12 times.
हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग सुभाष चंद्र वार्ष्णेय की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मिली जानकारी के अनुसार सुभाष चंद्र वार्ष्णेय, पुत्र शंकर लाल वार्ष्णेय, मूल रूप से गांव बसई के रहने वाले थे और वर्तमान में सिकंदराराऊ में रह रहे थे। शुक्रवार को वह हसायन से सिकंदराराऊ लौट रहे थे। हाथरस रोड पर गांव सुआ मोहनपुरा के पास तेजवीर सिंह के होटल के नजदीक वह सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ के वरुण प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ लग गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
INPUT – NEERAJ GUPTA











