Visitors have accessed this post 15 times.
हाथरस : शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नवरात्रि और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए हाथरस जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। यह अभियान सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत आगरा रोड स्थित गोपाल जनरल स्टोर से महेश ब्रांड सामा चावल, मुरसान के मोहल्ला सर्राफान स्थित अमन ट्रेडर्स से सेंधा नमक तथा सादाबाद के वीएस प्रोविजन स्टोर से कूटू के आटे के नमूने संदेह के आधार पर जांच हेतु लिए गए। इसके अलावा सिकंदराराऊ के राधे स्वीट्स से पनीर, सादाबाद स्थित अर्धसैनिक बल कैंटीन से अरहर दाल, रोहित प्रोविजन स्टोर से मूंग धुली दाल, सैफऊ की डेरी से पनीर तथा अन्य दुकानों से खाद्य रंग और चाय के नमूने भी संग्रहित किए गए।

सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (FSW) के माध्यम से सलेमपुर, रति का नगला और पंत चौराहे पर मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिसमें दूध से बनी मिठाइयों, दही, बेसन के लड्डू और मसालों की गुणवत्ता जांची गई। 
अभियान के दौरान व्यापारियों को जागरूक करते हुए आमजन को भी मिलावट के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह, डॉ. विकास और ओमकार कुशवाहा सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण और छापामार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इनपुट : राहुल शर्मा









