Visitors have accessed this post 46 times.
हाथरस। थाना महिला हाथरस में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक मामला काउंसलिंग के माध्यम से आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला निवासी रमनपुर जिला हाथरस ने दिनांक 07 मार्च 2026 को अपने पति जवाहरलाल निवासी घनश्यामपुर, थाना निधौली कला, जिला एटा के खिलाफ महिला थाना हाथरस में एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था।
शिकायत में आवेदिका ने आरोप लगाया था कि उसके पति तथा ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाना बुलाकर काउंसलिंग कराई गई।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई गई, जिसमें आवेदिका के पति एवं ससुराल पक्ष ने भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या गाली-गलौज न करने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद को समाप्त करने की बात कही तथा किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई की अपेक्षा नहीं जताई।
महिला थाना पुलिस द्वारा पारिवारिक मामलों को आपसी समझौते और संवाद के माध्यम से सुलझाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे परिवारों में आपसी सौहार्द बना रहे।









