Visitors have accessed this post 58 times.

हाथरस : चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर हाथरस में पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा द्वारा कन्या पूजन के साथ छोटी बछिया (गौ माता) का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान नन्हीं बच्चियों का पूजन कर उन्हें भोजन कराते हुए मातृशक्ति के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि कन्या पूजन हिंदू धर्म में नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 2 से 10 वर्ष तक की कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक किए गए व्रत, उपवास और साधना का फल तभी पूर्ण माना जाता है जब अंत में कन्या पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि गौ पूजन का भी विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए उनकी पूजा से सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। गौ सेवा एवं पूजन से पितृ दोष शांत होते हैं तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति प्राप्त होती है।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी कन्या पूजन एवं गौ पूजन में भाग लेकर धार्मिक आस्था व्यक्त की और समाज में नारी सम्मान एवं गौ सेवा के महत्व को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

INPUT – RAHUL SHARMA