Visitors have accessed this post 56 times.

हाथरस। जनपद में बढ़ते ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और फर्जी व अवैध संचालन पर रोक लगाने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा एक सशक्त अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस रामानंद कुशवाहा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित जिला प्रशिक्षण इकाई कक्ष में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ई-रिक्शा संचालन के सुव्यवस्थिकरण, रूट सुरक्षा व्यवस्था तथा पंजीकरण एवं सत्यापन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सतेन्द्र राघव, यातायात निरीक्षक अनुप कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद में संचालित सभी ई-रिक्शाओं का अनिवार्य रूप से सत्यापन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
इस विशेष अभियान के तहत प्रत्येक ई-रिक्शा चालक एवं वाहन स्वामी का विस्तृत सत्यापन निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया में वाहन पंजीयन, चेसिस एवं इंजन नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार विवरण, मोबाइल नंबर, स्थायी व वर्तमान पता, परमिट, बीमा एवं फिटनेस प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी। बिना सत्यापन के संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ई-रिक्शाओं के संचालन हेतु निर्धारित रूट एवं स्टैंड तय किए जाएंगे तथा ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। साथ ही नाबालिग चालकों द्वारा वाहन चलाए जाने पर वाहन स्वामी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के प्रमुख बिंदु
सभी ई-रिक्शा मालिकों एवं चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य
निर्धारित रूट चार्ट का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा
ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई
नाबालिग चालकों पर पूर्ण प्रतिबंध
थाना स्तर पर डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जाएगा
QR कोड से बढ़ेगी पारदर्शिता और सुरक्षा
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक ई-रिक्शा को एक यूनिक QR कोड जारी किया जाएगा, जिसे वाहन पर अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा। QR कोड स्कैन करते ही वाहन एवं चालक की पूरी जानकारी प्राप्त हो सकेगी, जिससे फर्जी एवं अवैध संचालन पर रोक लगेगी, अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी और आमजन को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा।
हाथरस पुलिस का यह अभियान जनसुरक्षा, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने सभी ई-रिक्शा संचालकों से अपील की है कि वे समय से अपना सत्यापन कराकर इस अभियान में सहयोग करें।

इनपुट : राहुल शर्मा