Visitors have accessed this post 91 times.
सिकंदराराऊ : खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा अमान्य स्कूलों के संचालन पर रोक लगाए जाने हेतु प्राइवेट स्कूलों की चेकिंग की गई। उन्होंने इस दौरान एक दर्जन स्कूलों में जाकर चेकिंग की। एक स्कूल गत वर्ष यू डाइस में बच्चों की फीडिंग न होने के कारण बंद करा दिया गया था जोकि यूडाइस बंद होने के बावजूद चेकिंग के दौरान खुला पाया गया। स्कूल में अमान्य कक्षाएं चल रही थीं। वहीं स्कूल अपने निर्धारित स्थान के बजाय अन्य स्थान पर बेसमेंट में चल रहा था। स्कूल को खंड शिक्षा अधिकारी ने पुनः बंद कर दिया है।
बता दें कि शासन द्वारा अमान्य स्कूलों पर प्रतिबंध लगाए जाने के लिए नियमों में व्यापक बदलाव किए गए हैं। जिसके तहत यूडाइस पोर्टल पर बच्चों का पूरा विवरण अपलोड करने के साथ ही उन्हें एक यूनिक आईडी भी दी गई है। गत वर्ष स्कूलों को आरटीई पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन एवं मैपिंग हेतु निर्देश दिए गए थे। नगर क्षेत्र सिकंदराराऊ के अंतर्गत संचालित विद्यालय धनवंती देवी पब्लिक स्कूल द्वारा निर्देश के बावजूद आरटीई पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन एवं मैपिंग का कार्य पूर्ण नहीं किया और ना ही स्कूल के बच्चों का विवरण इस पोर्टल पर अपलोड किया गया था जिसके चलते उक्त स्कूल को नोटिस जारी किया गया था। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान द्वारा नगर क्षेत्र की चेकिंग की गई।इस दौरान कासगंज रोड पर धनवंती देवी पब्लिक स्कूल एक मकान के बेसमेंट में संचालित होता हुआ मिला। जहां कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं संचालित हो रही थीं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने विजय चौहान ने बताया कि धनवंती देवी पब्लिक स्कूल को पांचवी कक्षा तक की मान्यता है। जो कि मोहल्ला दमदपुरा में संचालन के लिए है। जबकि उक्त विद्यालय वर्तमान में दमदपुरा के बजाय कासगंज रोड पर एक बिल्डिंग के बेसमेंट में बने दो कमरों में संचालित किया जा रहा था। इस विद्यालय के बच्चों का विवरण यू डाइस पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया था जिसके फल स्वरुप स्कूल का संचालन 2024 में प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके बावजूद निर्देशों की अवहेलना करते हुए संचालक द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से स्कूल को संचालित किया जा रहा था। मौके पर पहुंचकर स्कूल का संचालन बंद करा दिया गया है तथा चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में स्कूल का पुनः संचालन किया गया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
INPUT – VINAY CHATURVEDI
यह भी देखें :