Visitors have accessed this post 113 times.
सिकंदराराऊ : महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के आयोजन के क्रम में महाविद्यालय की आदरणीय प्राचार्या प्रो. शैफाली सुमन के कुशल दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में मिशन शक्ति प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने ‘महिलाओं में आत्मनिर्भरता को बढ़ाने वाले उपाय’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन कराया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. मंजू उपाध्याय जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी जीवंतता दिखाते हुए व्यापक सहभागिता की। वर्षा जादौन, कशिश, आरती, सचिन, सुरमा, मुस्कान आदि छात्र-छात्राओं ने महिला आत्मनिर्भरता पर अपने बहुमूल्य विचार व्यक्त किए। छात्रा वर्षा जादौन ने देश के भविष्य को शिखर पर ले जाने हेतु नारी शक्ति में निहित क्षमताओं के उपयोग पर बल दिया।
संगोष्ठी में प्रो. विनीता ने अपने विचारों के माध्यम से समस्त छात्र-छात्राओं में सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन का भाव जागृत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने वाले विविध कार्य क्षेत्रों की चर्चा की, जिससे एक देश के रूप में भारत पुनः आत्मनिर्भर बन सके।
अंत में महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं को प्रो. मंजू उपाध्याय का ज्ञानवर्धक संबोधन प्राप्त हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने विगत वर्षों में महिलाओं की परिवर्तनशील भूमिका एवं स्थिति की विस्तृत चर्चा की।
इसके अतिरिक्त प्रो. मंजू उपाध्याय ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम होने के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त होने को प्रेरित किया, जिससे नारी शक्ति अपनी क्षमताओं का पूर्ण उपयोग कर भारत को अग्रणी पथ पर अग्रसर कर सके।
इस सुअवसर पर डॉ. हिमांशु राय, अरवेश कुमार, राय सिंह एवं अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
INPUT – VIANY CHATURVEDI











