Visitors have accessed this post 142 times.

हाथरस : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में पंजीकृत श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयुष्मान कार्ड बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न लेबर चौराहों पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को चामड़ गेट स्थित लेबर चौराहे पर कैंप लगाया गया। कैंप में 7 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 97 मरीजों का उपचार किया गया। उपचारित मरीजों में से 70 की सीबीसी और 18 मरीजों की शुगर जांच कराई गई। जांच के दौरान 5 मरीजों में हल्का सामान्य बुखार पाया गया। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। श्रमिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए जिले में 6 लेबर अड्डे चिन्हित किए गए हैं। इनमें चामड़ गेट हाथरस, रामलीला मैदान हाथरस, पंत चौराहा सिकंदराराऊ, जवाहर बाजार सादाबाद, बच्चा पार्क सासनी और रामलीला मैदान मुरसान शामिल हैं। इन स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में प्रभारी जिला श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी सतेन्द्र कुमार मिश्र, जिला नगरीय समन्वयक पुष्पेन्द्रवीर, डीआईएसएम आयुष्मान भारत लेखेन्द्र भारद्वाज, चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन कमल सहित चिकित्सकीय टीम और आयुष्मान मित्र मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA