Visitors have accessed this post 67 times.
हाथरस। श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं तरफरा रोड स्थित आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के विभिन्न स्वरूपों एवं लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
संस्था के प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एडवोकेट) ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योगीराज श्रीकृष्ण का सम्पूर्ण जीवन सत्य, प्रेम, सदाचार और धर्म की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
वहीं संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी बाल लीलाओं का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की मधुर बांसुरी की धुन से ग्वाल-बाल, गोपियां और गायें भी आकर्षित होकर उनके समीप पहुंच जाती थीं।
कार्यक्रम में दीपिका, अर्पिता, कोशिका, मुग्धा, वेदिका, निष्ठा, हिमांशी, हनी, भूमिका, युक्ति, तनिष्का, दीक्षा, वंशिका, तृप्ति, आरोही, वाणी, प्रिया, शानवी, समृद्धि, याशिका, हर्षिता, वैश्नवी, समायरा, जानवी, लविश्का, रोशनी और निधि सहित अनेक बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक क्षण उस समय देखने को मिला, जब ‘गोविंदा आला रे’ के जयकारों के बीच लगभग 30 फीट ऊंची दही-हांडी को श्रीकृष्ण के स्वरूप ने फोड़ दिया। इस दृश्य को देखकर उपस्थित जनसमूह रोमांचित हो उठा और पूरा वातावरण जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर शैलकान्ता गुप्ता, प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय, उप-प्रधानाचार्या प्रीति यादव, शाजिया रफीक खान, डॉ. रेखा जादौन, शारदा रावत, निधि अरोरा, हिमांशु वार्ष्णेय, संजय मिश्रा, मोहम्मद दानिश, अमन खान, जीत द्विवेदी, अनुराग कश्यप, जीतेन्द्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।









