Visitors have accessed this post 9 times.

सादाबाद तहसील क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चौधरी राम अवतार सिंह (दीपू चौधरी) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार हेमंत चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की मांग उठाई गई। मुलाकात के दौरान दीपू चौधरी ने क्षेत्र के ग्रामीणों को भूमि विवाद, आय एवं जाति प्रमाण पत्र तथा जमीन की पैमाइश से संबंधित मामलों में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने संबंधित मामलों का पारदर्शी तरीके से त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को तहसील स्तर पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

तहसीलदार ने दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा

तहसीलदार हेमंत चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुना और आश्वासन दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मुलाकात का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों और किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के संज्ञान में लाकर उनके समाधान की दिशा में पहल करना रहा। इस अवसर पर कजरौठी के ग्राम प्रधान महाराज सिंह, विनोद कुमार, भीमसेन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

INPUT – KANHAIYA LAL