Visitors have accessed this post 175 times.

हाथरस। हाथरस नगर के प्रमुख समाजसेवियों एवं धार्मिक प्रेमियों द्वारा गौ सेवा का एक भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन प्रातः 11:00 बजे गोजिया ग्राम विकासखंड मुरसान, जनपद हाथरस स्थित गौशाला में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर गौ पूजन एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी श्री पी.एन. दीक्षित एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी विजय कुमार यादव के संयोजन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक व धार्मिक बंधुओं द्वारा गौशाला में 350 किलो गुड़, 200 किलो चोकर, 15 कंबल, गायों के लिए झूल (ओढ़ना), हरा चारा एवं भूसा प्रदान किया गया। साथ ही गौशाला में कार्यरत सेवकों को भी कंबल वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा गौशाला निरीक्षण से हुई, जिसमें व्यवस्थाओं का गहन आकलन किया गया। निरीक्षण के उपरांत गौ सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गौसेवकों एवं समाजसेवियों को “गौ सेवा अलंकरण” के रूप में सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी विजय यादव, पुष्पांकर जैन, व्यापारी नेता सुरेश अग्रवाल, प्रमुख गौसेवक शिव शंकर गुलाटी, सुनीत आर्य, के.के. दीक्षित एवं विशाल पंडित शामिल रहे।
सम्मान समारोह में श्री कृष्ण अरोड़ा, नन्नूमल चंचल (सुपारी वाले), दीपक बूटियां, स्वापो संस्थापक कपिल अग्रवाल, रवि वार्ष्णेय, तरुण पंकज, लोकेश अग्रवाल, निष्कर्ष सिंगल, राम अग्रवाल, अशोक अग्रवाल एवं अनिल अग्रवाल ने दुपट्टा पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर गौसेवकों का सम्मान किया।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने भावुक शब्दों में कहा कि गौ माता, गौसेवकों एवं धर्म प्रेमियों के दुख उसी प्रकार हर लेती है जैसे एक मां अपने बच्चों का दुख हरती है। उन्होंने समाज से गौ सेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने भी गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सामाजिक और धार्मिक दायित्व बताया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी महोदय ने उपस्थित गौसेवकों एवं धर्म प्रेमियों को गौ सेवा की शपथ दिलाई, जिससे आयोजन और भी प्रेरणास्पद बन गया।