Visitors have accessed this post 150 times.
हाथरस : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर होली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। त्योहार पर लोगों को सुरक्षित खाना-पीना मिले, इसके लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य 2 रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने देर रात तक छापेमारी की। नजहाई बाजार में मोतीलाल गिरिराज किशोर के यहां ट्रक से उतर रही रंगीन कचरी का नमूना जांच के लिए लिया गया। बाकी 21 कट्टे रंगीन कचरी विक्रेता की सुरक्षित निगरानी में रखवाए गए। हाथरस शहर के चिंटू स्वीट्स पर छापा मारकर बिक्री के लिए रखी गुजिया का नमूना संदेह के आधार पर लिया गया। मौके पर मिली कमियों को लेकर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। मुरसान गेट, बड़े भैरव मंदिर के सामने स्थित सतीश कन्फेक्शनरी पर भी कार्रवाई हुई। यहां दाल सेव का नमूना जांच के लिए लिया गया। उस समय मनीष कुमार (पुत्र सतीश चंद्र) मौजूद थे।

सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, ओमकार कुशवाहा, करतार सिंह और सुरेंद्र कुमार गोड शामिल रहे। विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

INPUT – RAHUL SHARMA











