
Visitors have accessed this post 2 times.
हाथरस । महिला थाना हाथरस में एक पारिवारिक विवाद के मामले में पुलिस की पहल पर आपसी समझौते के साथ मामला सुलझा लिया गया। जानकारी के अनुसार, आवेदिका गायत्री पत्नी वीर सिंह, निवासी नगला अनी, थाना मुरसान, जनपद हाथरस द्वारा दिनांक 28 जनवरी 2026 को अपने पति रविंदर सिंह पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम विदेशी, थाना गांधी पार्क, जिला अलीगढ़ के विरुद्ध महिला थाना हाथरस में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था।
शिकायत में आवेदिका ने आरोप लगाया था कि उसके पति एवं ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते हैं तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस द्वारा आवेदिका एवं उसके पति को थाना बुलाकर काउंसलिंग कराई गई।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की बातों को विस्तार से सुना गया। इस दौरान पति व ससुराल पक्ष से स्पष्ट रूप से वार्ता की गई, जिस पर पति द्वारा भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट न करने तथा आपसी समझ से पारिवारिक जीवन को शांतिपूर्वक चलाने का आश्वासन दिया गया।
काउंसलिंग के पश्चात दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई न कराने की इच्छा जताई। यह पूरी कार्यवाही महिला थाना प्रभारी रितु तोमर की मौजूदगी में शांतिपूर्ण एवं संवेदनशील वातावरण में संपन्न हुई।








