Visitors have accessed this post 18 times.
हाथरस । दिनांक 04 फरवरी 2026 को चिरंजीव नाथ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में शहर में मोडीफाइड साइलेंसर (पटाखा जैसी आवाज़ करने वाले) वाहनों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया।
यह अभियान प्रभारी यातायात पुलिस श्री अनूप कुमार के नेतृत्व में शहर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चलाया गया। वाहन चेकिंग के दौरान 03 रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें मोडीफाइड साइलेंसर युक्त पाई गईं।
यातायात पुलिस द्वारा तीनों मोटरसाइकिलों का मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत चालान किया गया तथा मौके पर ही उनके मोडीफाइड साइलेंसर उतरवाए गए।
इसके साथ ही मोटरसाइकिल रिपेयरिंग दुकानों के संचालकों को भी सख्त नोटिस जारी कर यह निर्देश दिया गया कि भविष्य में किसी भी वाहन में मोडीफाइड साइलेंसर न लगाए जाएं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनशांति भंग करने वाले, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।










