Visitors have accessed this post 36 times.

हाथरस जनपद में कुष्ठ रोग की पहचान और उसके समुचित उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष कुष्ठ रोगी खोजी अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 09 मार्च 2026 से 23 मार्च 2026 तक पूरे जिले में संचालित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला कुष्ठ अधिकारी हाथरस द्वारा आज काशीराम कॉलोनी में अभियान के अंतर्गत कार्य कर रही टीमों का निरीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस विशेष अभियान के तहत जनपद हाथरस में कुल 1501 टीमें बनाई गई हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षणों और उससे बचाव के बारे में जागरूक करेंगी तथा संदिग्ध मरीजों की जांच करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग की हर टीम में एक पुरुष और एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल हैं, ताकि पुरुषों और महिलाओं की जांच अलग-अलग और सुविधाजनक तरीके से की जा सके।
अभियान के दौरान यदि किसी व्यक्ति में कुष्ठ रोग के लक्षण संदिग्ध पाए जाते हैं, तो उसे तुरंत निकटतम सरकारी चिकित्सालय भेजा जाएगा। वहां चिकित्साधिकारी द्वारा जांच के बाद यदि कुष्ठ रोग की पुष्टि होती है तो मरीज को पूरी तरह निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान समय में जनपद हाथरस में 25 मरीजों का उपचार चल रहा है और सभी मरीजों को नियमित दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और जब स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर पर आएं तो परिवार के सभी सदस्यों, विशेष रूप से 2 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों और वयस्कों की जांच अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और इलाज से कुष्ठ रोग पूरी तरह ठीक हो सकता है, इसलिए किसी भी प्रकार के लक्षण को नजरअंदाज न करें और स्वास्थ्य विभाग के इस जनहित अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

INPUT – RAHUL SHARMA