Visitors have accessed this post 19 times.

हाथरस : जिले में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने गैस सिलेंडरों की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करने में लगी हुई है, जबकि जमीनी हकीकत में आम जनता को गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी हैं और गैस एजेंसियों के फोन तक नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों और प्रशासनिक लापरवाही के कारण जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों, छोटे व्यापारियों और होटल-ढाबा संचालकों पर पड़ रहा है।
विवेक उपाध्याय ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की तत्काल जांच कराई जाए और जिले में घरेलू तथा कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

INPUT – RAHUL SHARMA