Visitors have accessed this post 24 times.
हाथरस : श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, हाथरस में सोमवार को छात्राओं के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला “फाइनेंशियल लिटरेसी फॉर यूथ” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) और वित्तीय कैपिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव तथा डॉ. अकीलुर्रहमान ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम के वातावरण को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
16 मार्च से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं को आर्थिक रूप से जागरूक और सशक्त बनाना है। कार्यशाला के दौरान बचत, निवेश, शेयर बाजार की मूलभूत जानकारी तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि वर्तमान समय में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को अपने धन का सही प्रबंधन करना भी आना चाहिए, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्य वक्ता एवं NISM के संसाधन व्यक्ति डॉ. अकीलुर्रहमान ने वित्तीय नियोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल्दी निवेश की शुरुआत करना आर्थिक स्वतंत्रता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने छात्राओं को बचत और निवेश की सही आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के पहले दिन महाविद्यालय की छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और निवेश, बैंकिंग तथा वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।
यह कार्यशाला 18 मार्च तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग की शिक्षिका स्वाती बंसल, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA










