Visitors have accessed this post 106 times.
हाथरस । स्थानीय खाई गली निवासी राम प्रकाश शर्मा (नेताजी चित्रशाला) के परिवार में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब उनकी धेवती और मंजू व अजय शर्मा की पुत्री कुमारी नंदिनी शर्मा के सिविल जज बनने की खबर सामने आई। नंदिनी की इस बड़ी उपलब्धि पर नगर पालिका परिषद हाथरस के पूर्व अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा उनके निवास पर पहुंचे और उन्हें शॉल, दुपट्टा, पगड़ी तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि नंदिनी की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नंदिनी ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने आगे कहा कि नंदिनी की सफलता उनके माता-पिता के संस्कारों और मार्गदर्शन का परिणाम है। यह उपलब्धि हाथरस की बेटियों के लिए भी एक प्रेरणा है कि वे भी बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें। 
बताया गया कि तीन दिन पहले यानी 13 मार्च को अपना 30वां जन्मदिन मनाने वाली नंदिनी शर्मा शुरू से ही मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उनका सपना जज बनने का था, जिसे उन्होंने अपने अथक परिश्रम से साकार कर दिखाया।
इस अवसर पर पंडित आशीष शर्मा ने नंदिनी शर्मा के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इनपुट : राहुल शर्मा









