Visitors have accessed this post 11 times.
सिकंदराराऊ : चैत्र नवरात्रि के सप्तम दिवस नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जगत जननी मां भगवती दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की गई। प्रातः भोर से ही मंदिरों में मंगला आरती के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन हाथों में जलाभिषेक का लोटा, रोली, मौली, पान, पुष्प, फल और मिष्ठान की थाली लेकर माता रानी के जयकारों के साथ दर्शन को लालायित नजर आए। नगर की सिद्ध पीठ पथवारी बृजेश्वरी माता मंदिर पर विशेष रूप से कन्या पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी जगदीश कश्यप, व्यवस्थापक धर्मेंद्र शर्मा, बीरो लाल, चेतन पंडित सहित अन्य श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण धोकर, तिलक लगाकर, आरती उतारी और उन्हें फल, मेवा व मिष्ठान का भोग अर्पित किया। मंदिर परिसर को फूलों और रंगीन रोशनियों से भव्य रूप से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसके साथ ही चामुंडा माता मंदिर, शिवालय स्थित काली माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, केला करोली माता मंदिर, पीपल वाली माता मंदिर तथा मंडी गांधीगंज स्थित दुर्गा मंदिरों में भी धार्मिक आयोजनों की अद्भुत छटा देखने को मिली। पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
INPUT – NEERAJ GUPTA











