Visitors have accessed this post 18 times.

हाथरस : जनपद हाथरस के महिला थाना में मिशन शक्ति फेस-5 अभियान के अंतर्गत एक पारिवारिक विवाद का आपसी सहमति से समाधान कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंचल पुत्री विनोद कुमार, निवासी धौलपुर थाना हाथरस जंक्शन, जिला हाथरस ने अपने पति अभिषेक पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी वालापट्टी थाना कोतवाली, जिला हाथरस के विरुद्ध 26 मार्च 2026 को महिला थाना हाथरस में लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पति एवं ससुरालीजन द्वारा मारपीट, गाली-गलौज तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिशन शक्ति फेस-5 अभियान के अंतर्गत महिला थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर काउंसलिंग कराई गई।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई गई, जिसमें पति एवं ससुरालीजनों ने भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या अभद्र व्यवहार न करने का आश्वासन दिया। पुलिस की मौजूदगी में आपसी समझौते के बाद दोनों पक्षों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा नहीं जताई।
महिला थाना पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर समाधान कराया जा रहा है, जिससे पारिवारिक विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या विवाद की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने या महिला हेल्पलाइन से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित सहायता प्रदान की जा सके।

INPUT – RAHUL SHARMA