Visitors have accessed this post 22 times.
हाथरस : मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. राजीव राय द्वारा जनपद हाथरस में आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया गया, जिसमें कुछ केन्द्रों पर अव्यवस्थाएं पाई गईं, जबकि कुछ स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मई (सादाबाद)
निरीक्षण के समय चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज कुमार अनुपस्थित पाए गए। स्टाफ द्वारा बताया गया कि उनकी इमरजेंसी ड्यूटी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सादाबाद पर लगी हुई है। उपस्थिति पंजिका में 01 अप्रैल 2026 से उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं थी।
फार्मासिस्ट ज्ञानेन्द्र सारस्वत और गुलशन कुमार (स्वीपर/चौकीदार) उपस्थित मिले। केन्द्र पर साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। जनआरोग्य मेले में निरीक्षण तक 19 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि औसतन प्रतिदिन 35-40 मरीज देखे जाने की जानकारी दी गई।
ईडीएल सूची के अनुसार 195 के सापेक्ष 145 दवाएं उपलब्ध थीं। दवा स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य पंजिकाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिलारा (सादाबाद)
यहां निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट शान्तनू शुक्ला एवं वार्ड बॉय दुर्गेश उपस्थित मिले, जबकि चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. वर्मा अनुपस्थित पाए गए। स्टाफ ने बताया कि वह आकस्मिक कारणों से कुछ समय के लिए बाहर गए हैं।
साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। जनआरोग्य मेले में 31 मरीजों की ओपीडी की जा चुकी थी, जबकि सामान्य दिनों में 15-20 मरीजों के आने की जानकारी दी गई। पंजिकाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को फार्मासिस्ट को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिसावर (सादाबाद)
इस केन्द्र पर व्यवस्थाएं बेहद संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के समय डॉ. धर्मेन्द्र कुमार सिंह, फार्मासिस्ट जय किशन सिंह, एचएस देवेन्द्र सिंह एवं वार्ड बॉय राकेश उपस्थित मिले।
जनआरोग्य मेले में 42 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि प्रतिदिन 37-40 मरीज आने की जानकारी दी गई। प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया गया, जहां प्रतिमाह लगभग 35-40 प्रसव होने की जानकारी दी गई। 01 अप्रैल 2026 से अब तक 05 प्रसव कराए जा चुके हैं। केन्द्र पर 6 बेड उपलब्ध हैं तथा ईडीएल सूची के अनुसार 195 में से सभी 195 दवाएं उपलब्ध पाई गईं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सादाबाद
इमरजेंसी कक्ष के निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रभाष उपाध्याय एवं फार्मासिस्ट राघवेन्द्र शर्मा उपस्थित मिले। रोस्टर के अनुसार डॉ. नीरज कुमार की ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन वे अनुपस्थित पाए गए।
इस संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने तक अप्रैल 2026 माह का वेतन आहरण रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को भी डॉ. नीरज कुमार की अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।
CMO ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केन्द्रों पर साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि जनआरोग्य मेलों के माध्यम से आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
INPUT – RAHUL SHARMA











