Visitors have accessed this post 57 times.

हाथरस : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) के पदाधिकारियों ने जनपद के औद्योगिक विकास और स्थानीय उद्यमियों के हितों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से प्रेषित किया। ज्ञापन में सलेमपुर-2 औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों और उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर भूखंड आवंटित किए जाने की मांग की गई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि हाथरस लंबे समय से उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्रों में शामिल रहा है। यहां सूत, रेडीमेड वस्त्र तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों ने न केवल हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया, बल्कि जनपद की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान औद्योगिक क्षेत्र के सभी भूखंड पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं। ऐसे में नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक स्थानीय उद्यमियों को भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे निवेश और औद्योगिक विस्तार प्रभावित हो रहा है। व्यापार मंडल का कहना है कि इस मुद्दे को विभिन्न बैठकों और मंचों पर कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक स्थानीय उद्यमियों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल सकी है। मुख्यमंत्री से मांग की गई कि सलेमपुर-2 के प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर प्लॉट आवंटित किए जाएं। इससे जनपद में नए उद्योग स्थापित होंगे, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और हाथरस के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश संगठन मंत्री सुनील कुमार वर्मा, युवा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष तरुण पंकज, महामंत्री राम अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि वार्ष्णेय, युवा नगर अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, चंदन वार्ष्णेय, गौरव खंडेलवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

INPUT – AMIT SHARMA