Visitors have accessed this post 4 times.
हाथरस जनपद में इन्फ्लूएन्जा-ए (H1N1) के संभावित खतरे और मरीजों की संख्या में वृद्धि की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश की अध्यक्षता में एमडीटीबी चिकित्सालय, हाथरस में बैठक आयोजित कर H1N1 के संभावित एवं पुष्टि मरीजों के उपचार, निगरानी तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश समेत इन्फ्लूएंजा वार्ड में तीनों शिफ्टों के लिए नामित चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट, नर्सिंग अधिकारी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में अब तक इन्फ्लूएन्जा-ए (H1N1) के दो मरीज सामने आ चुके हैं। मरीजों की संख्या में वृद्धि की संभावना को देखते हुए एमडीटीबी चिकित्सालय में पृथक आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया गया है। तीनों शिफ्टों में 24 घंटे रहेगी स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी आइसोलेशन वार्ड में चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट, नर्सिंग अधिकारी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है। यहां H1N1 के संभावित एवं पुष्टि मरीजों को प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर मरीजों के भर्ती एवं उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार और जरूरत पर RT-PCR जांच मुख्य चिकित्साधिकारी ने निर्देश दिए कि चिकित्सालय में भर्ती प्रत्येक मरीज को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार दिया जाए। श्रेणी-C के गंभीर मरीजों के भर्ती होने पर उन्हें अविलंब उपचार उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर RT-PCR जांच तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। संक्रमण नियंत्रण पर विशेष जोर H1N1 मरीजों को भर्ती करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनका अनावश्यक रूप से अन्य मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क न हो। संक्रमण नियंत्रण से संबंधित सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। साथ ही H1N1 मरीजों के संपर्क में कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वैक्सीनेशन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। दवाओं, ऑक्सीजन और PPE किट की व्यवस्था मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बैठक में बताया कि एमडीटीबी चिकित्सालय में H1N1 के उपचार एवं प्रबंधन के लिए आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन, PPE किट, मास्क, सैनिटाइजर, जांच सामग्री एवं अन्य जरूरी लॉजिस्टिक उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहीं स्टाफ की उपलब्धता बनाए रखने के लिए अकारण किसी भी चिकित्साकर्मी को अवकाश न देने और रोस्टर के अनुसार सभी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में H1N1 के संभावित प्रसार की स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

INPUT – R AHUL SHARMA











