Visitors have accessed this post 6 times.
मुरसान : बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पेट्रोल लेकर डीएम कार्यालय पहुंच गई। महिला के पास ज्वलनशील पदार्थ होने की जानकारी मिलते ही परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पेट्रोल को उससे अलग कर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। पुलिस की तत्परता से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। महिला की पहचान आवास विकास कॉलोनी, हाथरस निवासी रानी शर्मा पत्नी स्वर्गीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रानी शर्मा अपनी शिकायतों को लेकर पहले भी अधिकारियों से संपर्क कर चुकी हैं। महिला ने 11 मई 2026 को अधिकारियों को दिए एक प्रार्थना पत्र में कुछ लोगों पर उन्हें और उनके परिवार को परेशान करने तथा धमकी देने के आरोप लगाए थे। आवेदन में उन्होंने कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की मांग भी की थी। रानी शर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी कामिनी को कुछ लोगों द्वारा परेशान किया जाता था। महिला के अनुसार, इसी से परेशान होकर उनकी बेटी ने 29 दिसंबर 2025 को आत्महत्या कर ली थी। इस संबंध में हाथरस कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने की बात भी महिला ने कही है। महिला का आरोप है कि मामले से जुड़े लोग उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं और उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से भी की है। बुधवार को कार्रवाई न होने से परेशान होकर वह कलेक्ट्रेट पहुंचीं। पेट्रोल होने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत रोक लिया। घटना के बाद कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस की मुस्तैदी के चलते स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।
INPUT – VIRENDRA SHARMA











