Visitors have accessed this post 4 times.

पुर्दिल नगर, हाथरस। पुर्दिल नगर कस्बे में रामलीला कमेटी के तत्वावधान में राम बरात का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ राम बरात निकाली गई। बरात रामलीला ग्राउंड से प्रारंभ होकर अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए निकली। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने झांकियों की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरित कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

राम बरात का शुभारंभ पूर्व चेयरमैन गंगाराम कुशवाहा ने फीता काटकर किया। उन्होंने राम दरबार की झांकी की आरती उतारी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इसके बाद राम बरात अपने निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ी और पुनः रामलीला ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।

राम बरात में सबसे आगे भोले बाबा की सेना चल रही थी। इसके पीछे गुरु वशिष्ठ के साथ सिंहासन पर विराजमान राजा दशरथ की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने धार्मिक झांकियों का स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा और चौकी प्रभारी श्री चन्द सिंह सोम अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे, जिससे राम बरात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संदीप कुशवाह, पूर्व चेयरमैन गंगाराम कुशवाहा, नवीन कुशवाहा, कुशनपाल, रूपकिशोर, वेदप्रकाश, महावीर सभासद, डॉक्टर सुनहरी लाल, पूर्व सभासद रामगोपाल, धर्मेन्द्र कुमार, पदम सिंह, मेग सिंह बघेल, राकेश कुशवाहा तथा पंडित अरुण शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पंडित अरुण शर्मा सहित उपस्थित लोगों द्वारा पूजन कराया गया।

राम बरात के आयोजन से पुर्दिल नगर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इनपुट : पुष्पकांत शर्मा