Visitors have accessed this post 11 times.
हाथरस 17 अक्टूबर 2026 श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज में नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ दुर्गा की आराधना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से भव्य गरबा नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं ने पारंपरिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित डीआरबी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य एवं संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने माँ भगवती के छविचित्र के समक्ष मिट्टी का दीपक प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने गरबा नृत्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गरबा में मिट्टी का दीपक जीवन, सृजन शक्ति और गर्भ में पल रहे जीवन का प्रतीक माना जाता है। गुजरात सहित उत्तर प्रदेश में भी नवरात्रि के दौरान गरबा नृत्य के माध्यम से माँ भगवती की आराधना की जाती है। इस पारंपरिक नृत्य में बालिकाएँ एवं महिलाएँ सामूहिक रूप से लयबद्ध प्रस्तुति देती हैं, जो ब्रह्मांड की गति और जीवन चक्र की निरंतरता को दर्शाती है। उन्होंने डांडिया नृत्य में इस्तेमाल होने वाली रंग-बिरंगी लकड़ियों के धार्मिक महत्व के बारे में भी बताया। पारंपरिक मान्यता के अनुसार, डांडिया की छड़ियाँ माँ दुर्गा की तलवार का प्रतीक मानी जाती हैं। इनकी लयबद्ध खनक नृत्य में उत्साह, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। गरबा भारतीय लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान भौम्या, अंकिता, अनन्या, इशिका, वंशिका, तीर्थका, सुहाना, भूमि, युगाध्या, युविका, गुंजन, आराध्या, नव्या, दिव्यांशी, पायल और साक्षी सहित अन्य छात्राओं ने भावपूर्ण एवं आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उप-प्रधानाचार्या शजिया रफीक खान के साथ शारदा शर्मा, सुनीता राय, गीता गौतम, प्रियंका वार्ष्णेय, अमन खान, विष्णु उपाध्याय, पुनीत गुप्ता, पुनीत वार्ष्णेय, जीतू अरोरा, सत्यवती तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संयोजन ऋद्धि अग्रवाल एवं डॉ. रेखा जादौन ने किया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय एवं संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामूहिक सहभागिता से जोड़ने का संदेश दिया।

INPUT – AMIT SHARMA










