Visitors have accessed this post 67 times.
सादाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत कजरौठी में 28 वर्षीय युवक विकास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है। कजरौठी निवासी विकास पुत्र मलिखान सिंह की मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों के अनुसार, विकास अपनी पत्नी माधुरी देवी और दो छोटे बच्चों के साथ रहता था। वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से पत्नी और दोनों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया। परिवार की इस स्थिति से ग्रामीण भी गमगीन हैं। विकास के पिता मलिखान सिंह भी बुजुर्ग होने के बावजूद मजदूरी करते हैं, जबकि उसकी मां बीमार रहती हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले युवक की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी मिलने पर ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

INPUT – KANHAIYA LAL











