Visitors have accessed this post 6 times.
हाथरस : भाई दूज के पावन पर्व पर हाथरस में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य को उनकी मुस्लिम बहन सलमा बेगम ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार तिलक लगाकर भाई दूज का पर्व मनाया। इस दौरान सलमा बेगम ने अपने भाई की आरती उतारी और गोला, खिलौना एवं मिठाई भेंट कर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की। दोनों के इस आत्मीय रिश्ते ने सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया।
वर्षों पुराना है भाई-बहन का रिश्ता
सलमा बेगम और चंद्रगुप्त विक्रमादित्य का भाई-बहन का रिश्ता कई वर्षों पुराना है। दोनों धर्मों की अलग-अलग मान्यताओं के बावजूद एक-दूसरे के साथ पारिवारिक रिश्ते की परंपरा को पूरी आत्मीयता से निभा रहे हैं। सलमा बेगम प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई दूज पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। इस वर्ष भी भाई दूज के अवसर पर उन्होंने पूरे पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाकर आपसी प्रेम और विश्वास की मिसाल पेश की।
धर्म से ऊपर है इंसानियत और रिश्तों का महत्व: चंद्रगुप्त विक्रमादित्य
इस अवसर पर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि भारत की असली पहचान अनेकता में एकता है। भारतीय संस्कृति हमें आपस में प्रेम, सम्मान और भाईचारे के साथ रहना सिखाती है। धर्म और मजहब भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इंसानियत और रिश्तों का धर्म एक ही होता है। सलमा बेगम उनकी बहन हैं और उनका रिश्ता किसी धर्म या मजहब का मोहताज नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में जब समाज में नफरत और वैमनस्य फैलाने के प्रयास किए जाते हैं, तब ऐसे पारिवारिक रिश्ते लोगों के बीच प्रेम, विश्वास और सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं। त्योहार केवल धार्मिक परंपराओं को निभाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये दिलों को जोड़ने और रिश्तों में मिठास घोलने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का दिया संदेश
चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने देशवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को मजबूत करें। साथ ही हिंदू-मुस्लिम एकता और भारत की गंगा-जमुनी तहजीब को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास करें। हाथरस में भाई दूज पर सामने आई यह तस्वीर समाज को संदेश देती है कि सच्चे रिश्ते धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर होते हैं। प्रेम, विश्वास और इंसानियत ही किसी भी रिश्ते की सबसे बड़ी पहचान हैं।
INPUT – AMIT SHARMA











