Visitors have accessed this post 2 times.
हाथरस जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को समस्त कोल्ड चेन हैंडलर्स एवं सहायक कोल्ड चेन हैंडलर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डॉ. राजीव गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम, मंडलीय कॉर्डिनेटर एचवीएनसी हैदर रजा नकवी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलवीर सिंह वर्मा एवं पीसीआई जिला समन्वयक दिनेश सिंह मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान पीसीआई जिला समन्वयक दिनेश सिंह ने प्रतिभागियों को वैक्सीन के उचित रख-रखाव, कोल्ड चेन उपकरणों की देखरेख, तापमान नियंत्रण तथा कोल्ड चेन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जनपद स्तर से ब्लॉक कोल्ड चेन और वहां से एएनएम सत्र स्थल तक वैक्सीन की उपलब्धता एवं सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों को जागरूक कर टीकाकरण के दायरे में लाने तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सरकारी पोर्टलों के संचालन की जानकारी भी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि ड्यू लिस्ट के आधार पर वैक्सीन का वितरण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक टीकाकरण सत्र में कम से कम 15 लाभार्थियों का प्रतिरक्षण कराया जाए। उन्होंने सत्र समाप्त होने के बाद ब्लॉक स्तर पर समीक्षा करने, टैलीशीट के आधार पर खर्च हुई वैक्सीन के सापेक्ष लाभार्थियों की संख्या का मिलान करने तथा यू-विन पोर्टल पर दर्ज लाभार्थियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनपद में टीकाकरण व्यवस्था को मजबूत करना और प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक टीकाकरण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।
INPUT – RAHUL SHARMA











