Visitors have accessed this post 40 times.
हाथरस : बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यरत प्राभुकुल बैडमिंटन अकादमी ने अपनी तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर 15 नवंबर को मंडल स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया। प्रतियोगिता में हाथरस, मथुरा, अलीगढ़ एवं एटा सहित विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ASP हाथरस श्री रामानंद प्रसाद कुशवाहा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेविका श्रीमती नेहा गुप्ता उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे:
– अंडर-11 बालक वर्ग: मथुरा के मृदुल ने शिवांश को 21-14 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
– अंडर-13 बालक वर्ग: अलीगढ़ के हर्ष शर्मा ने मुदित को 21-9 से पराजित किया।
– अंडर-15 बालक वर्ग: मथुरा के वंश कुमार ने नवीन को 22-20 के रोमांचक स्कोर से हराकर खिताब जीता।
– अंडर-17 बालक वर्ग: हाथरस के निशांत ने मथुरा के हिमांशु को 21-10 से हराया।
– अंडर-15 बालिका वर्ग: अलीगढ़ की ज्योति ने एटा की सृष्टि को 21-15 से पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। अकादमी के संस्थापक एवं मुख्य प्रशिक्षक नकुल सिंघल ने बताया कि प्राभुकुल बैडमिंटन अकादमी की शुरुआत हाथरस में बैडमिंटन को व्यवस्थित प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाओं के माध्यम से बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। पिछले तीन वर्षों में अकादमी ने खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, फुटवर्क, फिटनेस, खेल रणनीति और अनुशासन पर विशेष ध्यान देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए हैं। उन्होंने कहा कि अकादमी का लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को बैडमिंटन सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिले। नकुल सिंघल ने कहा कि तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित इस मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों की भागीदारी अकादमी के प्रयासों के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी बैडमिंटन के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया। प्राभुकुल बैडमिंटन अकादमी का उद्देश्य है कि हाथरस की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और बड़े स्तर पर खेलने के अवसर मिलें, ताकि वे भविष्य में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

INPUT – AMIT SHARMA










