Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली संविधान रक्षा यात्रा में हाथरस के कांग्रेसजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसको लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, हाथरस की ओर से जिला अध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें यात्रा की तैयारियों, कार्यक्रम और उद्देश्य की जानकारी दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संविधान रक्षा यात्रा के जिला कोऑर्डिनेटर एवं अलीगढ़ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष गिरवर शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा लखनऊ स्थित नेहरू भवन से प्रारंभ होगी। इसके बाद गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। यात्रा एनसीसी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी, जहां पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इस यात्रा में हाथरस से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। गिरवर शर्मा ने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अपने मत का प्रयोग करने की शक्ति दी है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस संविधान की मूल भावना और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराएगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की नींव है और प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के साथ खड़ी रही है। उन्होंने हाथरस के कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर यात्रा में शामिल होने की अपील की। वहीं, कांग्रेस नेता हेमंत सेंगर और मथुरा प्रसाद कुशवाह ने भी संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा को प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा यात्रा में पूरी मजबूती के साथ भाग लेकर नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमंत सेंगर, मथुरा प्रसाद कुशवाह, छोटे लाल उपाध्याय, नवीन उपाध्याय, रिंकू सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष सासनी), राय साहब, भूपेंद्र कुशवाह, रितेश सिंह, अवधेश कुमार, राहुल जीतू चौधरी, नाजिर कुशवाह, हिमांशु जय हिंद सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस कमेटी, हाथरस की ओर से सभी कांग्रेसजनों से अपील की गई कि वे 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर संविधान रक्षा यात्रा में भाग लें और संविधान, लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूत करें।

INPUT – AMIT SHARMA