Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य सक्रिय नजर आए। शनिवार और रविवार को उन्होंने विभिन्न पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं के नाम जोड़ने, नामों में संशोधन और सूची के सत्यापन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए और न ही किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया जाना चाहिए। साथ ही अपात्र व्यक्तियों के नामों की भी नियमानुसार जांच होनी चाहिए। उन्होंने हाथरस के नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी शनिवार और रविवार को अपने-अपने पोलिंग स्टेशन पर पहुंचकर मतदाता सूची का बारीकी से निरीक्षण करें। अपने परिवार, आसपास के लोगों और मोहल्ले के सभी मतदाताओं के नाम सूची में अवश्य जांचें। यदि किसी मतदाता का नाम छूट गया है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में कोई गलती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते सुधार कराएं। चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं की सहायता करने और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि एक भी सही वोट न कटे और एक भी गलत वोट न जुड़े। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। प्रत्येक नागरिक को अपने वोट के प्रति सजग रहना चाहिए और अपने मताधिकार की सुरक्षा के लिए समय रहते मतदाता सूची की जांच करनी चाहिए।

INPUT – AMIT SHARMA











