Visitors have accessed this post 570 times.

नाहल गांव में घर के सामने से निकलने वाले छह फीट के रास्ते को लेकर हुए विवाद के चलते एक देवर ने भाभी के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। इस मामले में मृतका के पिता की तरफ से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला
एसपी देहात अरविंद मौर्य ने बताया कि मृतका का नाम रेशमा (32) है। वह अपने पति आरिफ के साथ नाहल गांव में रहती थी। उनके साथ उसके तीन देवर भी रहते हैं। उनका घर के सामने से गुजरने वाले रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि देवर जावेद ने रेशमा पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौर्य ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

टैंक हटाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, आरिफ, जावेद और साजिद समेत चार भाई एक ही घर में रहते हैं। सभी परिवार वालों के लिए निकलने के लिए छह फीट का रास्ता है। जिस पर जावेद ने पानी का टैंक बनाया हुआ है। जिससे आने जाने वालों को दिक्कत होती है। इस टैंक को हटाने को लेकर भाइयों में कई बार झगड़ा हो चुका था।

गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे भी आरिफ और जावेद को इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान रेशमा बीच में आ गई थी। इस दौरान उसने कुछ बोला तो जावेद गुस्सा हो गया और उसने फावड़े से रेशमा के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद परिवार के लोगों ने जावेद को पकड़ लिया। घायल रेशमा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जावेद को हिरासत में ले लिया। वहीं, रेशमा के पिता जहीर ने बताया कि रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच में समझौता हो गया था। इसके बाद भी टैंक को हटाया नहीं गया था।