Visitors have accessed this post 179 times.
बरेली | पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. मो. ए. ए. खान ने बुधवार को मंडल चिकित्सालय, इज्जतनगर का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में चल रही स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की देखभाल व्यवस्था तथा निर्माणाधीन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक ने मंडल चिकित्सालय में वर्तमान में रिक्त चल रहे पदों को शीघ्र अति शीघ्र भरने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने अंतःरंग विभाग में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान मंडल चिकित्सालय में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. खान ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की। चिकित्सालय की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से प्रभावित होकर उन्होंने उत्तम व्यवस्था हेतु मंडल चिकित्सालय को ₹5000 (पाँच हजार रुपये) का पारितोषिक प्रदान किया। 
गहन निरीक्षण के उपरांत प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक ने वर्तमान में मान्यता प्राप्त रेलवे यूनियन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शंखधर, डॉ. सचिन श्रीवास्तव सहित मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ गावा, डॉ. प्राची वर्मा एवं डॉ. युसरा हसन उपस्थित रहे।










