Visitors have accessed this post 126 times.
हाथरस। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस की सचिव अनु चैधरी ने जिला कारागार, अलीगढ़ का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशों के अनुपालन में तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशानुसार किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव अनु चैधरी ने पुरुष एवं महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बंदियों की पेशी की तारीख, भोजन व्यवस्था तथा आज के भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली।
सचिव द्वारा कारागार की बैरकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों से विधिक सहायता के बारे में पूछताछ की गई, जिस पर बंदियों ने बताया कि उन्हें नियमानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। निरीक्षण के समय बंदियों द्वारा किसी भी प्रकार की विशेष समस्या नहीं बताई गई।
विधिक जागरूकता शिविर के माध्यम से सचिव ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि जिन बंदियों के पास पैरवी हेतु अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है, वे कारागार अधीक्षक के माध्यम से आवेदन पत्र भेजकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ जेलर कमलेन्द्र प्रताप सिंह, डिप्टी जेलर देव दर्शन सिंह एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शाहरूख रिजवी तथा चिकित्सक अभिषेक गुप्ता उपस्थित रहे।










