Visitors have accessed this post 21 times.
हाथरस : जनपद में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं को परखने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव रॉय द्वारा रविवार को दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में पाई गई लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया गया।
पहला निरीक्षण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला वीर सहाय, हसयान में किया गया। निरीक्षण के समय केवल वार्ड बॉय मदन कुमार उपस्थित मिले, जबकि तैनात चिकित्सक डा. राहुल राजपूत, फार्मासिस्ट अम्बरीश सैंगर और एएनएम कुशमलता अनुपस्थित पाई गईं। इस गंभीर लापरवाही पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय तक अस्पताल में कोई भी मरीज उपचार हेतु नहीं पहुंचा था। प्रसव कक्ष में खिड़की के शीशे और प्रसव टेबल टूटी हुई मिली। हालांकि साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, लेकिन इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सपोर्टिव स्टाफ की तैनाती न होने पर शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्टाफ ने जानकारी दी कि केंद्र पर 111 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं और डेंगू, मलेरिया जैसी सामान्य जांचें की जा रही हैं। 
इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौरा, हसयान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डा. आबिद शाकेब, वार्ड बॉय शिवओम और एएनएम तरुणा कुशवाह उपस्थित मिलीं। फार्मासिस्ट वीरेन्द्र सिंह की उपस्थिति पंजिका में दर्ज थी, लेकिन वे अस्पताल में मौजूद नहीं पाए गए। निरीक्षण के समय तक यहां 5 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। केंद्र पर 195 दवाओं के सापेक्ष 135 दवाएं उपलब्ध पाई गईं। साफ-सफाई व्यवस्था अच्छी मिली। चिकित्सक द्वारा बताया गया कि यहां प्रति माह 10 से 15 डिलीवरी होती हैं। एएनएम ने क्षेत्र में लगभग 40 हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामले होने की जानकारी दी, जिनमें 2 से 3 गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन 7 से कम है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी रजिस्टरों को अद्यतन रखने और नियमानुसार टीकाकरण व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इनपुट : राहुल शर्मा










