Visitors have accessed this post 10 times.

पुरदिल नगर : गणेश विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले नगर पंचायत अध्यक्ष हर्ष कान्त कुशवाह ने सपत्नीक गणेश वंदना और आरती की। इसके बाद भगवान गणेश को भोग अर्पित किया गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने “गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के बीच गणेश प्रतिमा को गोद में उठाकर वाहन पर विराजमान कराया। इसके बाद कस्बे में गणेश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ शामिल हुए और भक्ति गीतों पर उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे के साथ रंग और गुलाल से होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया। वहीं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानों व मकानों से पुष्प वर्षा कर गणेश शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से पूरा कस्बा गूंजता नजर आया। शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति भाव ने गणेश उत्सव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना को और भी जीवंत कर दिया।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA