
Visitors have accessed this post 94 times.
हाथरस : विश्व बीमार दिवस के पावन अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा सरिता प्रेम हॉस्पिटल में एक प्रेरणादायी एवं जनकल्याणकारी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना तथा लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति सचेत करते हुए समय पर उपचार के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. भरत यादव ने उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए विभिन्न प्रकार की बीमारियों, उनके कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों पर विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता का पालन तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। डॉ. यादव की इस महत्वपूर्ण जानकारी को उपस्थित सभी लोगों ने गंभीरता से सुना और इसकी सराहना की। 
इस अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज की ओर से डॉ. भरत यादव को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सेवा भावना को साकार करते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों को दलिया, बिस्कुट, केला एवं पेय पदार्थ वितरित किए गए। इस सेवा कार्य ने मरीजों के प्रति संवेदना, सहयोग और मानवता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में यूनिट डायरेक्टर सीमा वार्ष्णेय, चार्टर प्रेसिडेंट दीप्ति वार्ष्णेय, आईपीपी माधुरी वार्ष्णेय, अध्यक्ष सीमा शर्मा, कोषाध्यक्ष कुसुम वार्ष्णेय, मीडिया प्रभारी कल्पना गुप्ता सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। यह आयोजन समाज सेवा, जागरूकता और मानव कल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।









