Visitors have accessed this post 98 times.

हाथरस। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण और नमूना कार्रवाई तेज कर दी है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा त्योहार के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सादाबाद तहसील क्षेत्र के विभिन्न ढाबों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। इस दौरान हनुमान चौकी गुरसौटी, गोपाल विहार ढाबा गीगला, शिव शक्ति ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट तथा आगरा रोड चंदपा स्थित प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संचालकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, ग्राहकों को ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने तथा प्रतिष्ठान पर रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्री गोपाल जी फैमिली ढाबा, सिसोदिया होटल और जय मां भगवती भोजनालय का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई सुधारने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि त्योहारों के मद्देनज़र खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य व्यवसायियों में सतर्कता बढ़ी है, वहीं आमजन को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट हुई है।