Visitors have accessed this post 20 times.
हाथरस : आगामी होली पर्व को देखते हुए आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मुरसान एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। 
अभियान के दौरान मुरसान क्षेत्र में पुराने बिजली घर के पास स्थित विनोद कुमार दूध डेयरी का निरीक्षण किया गया। मौके पर लगभग चार कुंतल दूध बिक्री हेतु संग्रहित पाया गया। मिलावट की आशंका के चलते दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसके अलावा पटा चौराहे के पास स्थित श्री केला देवी कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया गया, जहां आलू भंडारित पाए गए। मौके पर खोया भंडारित नहीं मिला। संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता ने बताया कि वे खोया का भंडारण नहीं करते हैं।
मुरसान के निकट फुसकरा गांव स्थित कान्हा पनीर डेयरी का भी निरीक्षण किया गया। यहां पाई गई कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। 
मेंडू बाजार स्थित अशोक मिष्ठान भंडार एवं उसके गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खोया निर्माण कार्य होता पाया गया। संदेह के आधार पर खोया का नमूना जांच हेतु लिया गया। इसके बाद टीम ने बाजार में पैदल भ्रमण कर किराना एवं मिठाई विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम परसारा स्थित मुखिया ग्रामोद्योग का भी निरीक्षण किया गया, जहां आटा एवं सरसों तेल का निर्माण और पैकिंग कार्य चल रहा था। निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर खाद्य कारोबारकर्ता गौरव सिंह को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह एवं सुरेंद्र कुमार गौड़ उपस्थित रहे। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ छापामार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।









