Visitors have accessed this post 37 times.
हाथरस। जनपद हाथरस क्षेत्र के प्री-पेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए विद्युत विभाग ने एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए अपने मीटर का बैलेंस नियमित रूप से जांचते रहें और समय पर रिचार्ज अवश्य करें।
विभाग के अनुसार, स्मार्ट प्री-पेड मीटर बिल्कुल मोबाइल प्री-पेड सिस्टम की तरह कार्य करता है। जिस प्रकार मोबाइल सेवा के लिए पहले रिचार्ज आवश्यक होता है, उसी प्रकार बिजली उपयोग के लिए भी मीटर में पर्याप्त बैलेंस होना जरूरी है।
यदि किसी उपभोक्ता के मीटर का बैलेंस शून्य या निगेटिव हो जाता है, तो मीटर में लगा सिस्टम स्वतः बिजली आपूर्ति बंद कर देता है। इससे उपभोक्ताओं को अचानक बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे समय-समय पर अपने स्मार्ट मीटर ऐप के माध्यम से बैलेंस की जांच करते रहें और बैलेंस कम होने पर तुरंत रिचार्ज करें।
ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके तहत उपभोक्ता UPI प्लेटफॉर्म जैसे BHIM, Google Pay, PhonePe, Paytm, विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.uppcl.org या UPPCL कंज्यूमर ऐप के माध्यम से आसानी से रिचार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा विभागीय काउंटर पर भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
समय पर रिचार्ज करने से उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहती है और अचानक होने वाली बिजली कटौती से बचाव होता है। साथ ही मीटर दोबारा चालू होने में लगने वाले समय की भी बचत होती है।
किसी भी तकनीकी सहायता या जानकारी के लिए उपभोक्ता कस्टमर केयर नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
इनपुट : राहुल शर्मा









