Visitors have accessed this post 21 times.

हाथरस। शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स के आदेशानुसार नवरात्रि एवं ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में सिकंद्राराऊ तहसील स्थित महाकालेश्वर ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण किया गया, जहां कॉर्नफ्लेक्स मिक्सचर एवं पंजाबी मिक्सचर के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसके साथ ही कमल मिष्ठान भंडार एवं देवेंद्र मिष्ठान भंडार से खोया के नमूने संग्रहित किए गए। पंत चौराहा स्थित भारद्वाज किराना स्टोर से संदेह के आधार पर कूटू के आटे का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
तहसील सादाबाद क्षेत्र में अग्रवाल स्वीट्स, मानिकपुर के राजेश मिष्ठान भंडार, कुरसंडा के रामनिवास डेरी एवं सैफऊ के भोला डेरी से क्रमशः खोया और घी के नमूने लिए गए। वहीं जवाहर बाजार सादाबाद स्थित सीताराम कन्फेक्शनरी से नमकीन मिक्सचर एवं भुजिया के सैंपल एकत्र किए गए।
हाथरस शहर में चक्की बाजार स्थित गंगा मिल्क डेरी से A2 भैंस के देसी घी तथा सासनी गेट स्थित श्री श्याम ट्रेडर्स से विभिन्न पैक्ड खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इसके अलावा सर्कुलर रोड स्थित देवेंद्र मिठाई वाले के यहां से भी खोया का सैंपल जांच हेतु लिया गया।
सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (FSW) के माध्यम से तालाब चौराहा पर मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान दालें, मसाले, दूध से बनी मिठाइयां, बेसन के लड्डू एवं चटनी की जांच कर संबंधित कारोबारियों को रिपोर्ट से अवगत कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आम लोगों को मिलावट के प्रति जागरूक भी किया गया। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह एवं पारुल सिंह शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह छापामार अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।