Visitors have accessed this post 40 times.
हाथरस : शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नवरात्रि पर्व को देखते हुए आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के तहत हाथरस शहर के मधुगढ़ी स्थित चौधरी जनरल स्टोर से कुट्टू के आटे तथा अलीगढ़ रोड स्थित कौशिक प्रोविजन स्टोर से बंधन ब्रांड सेंधा नमक का नमूना जांच हेतु लिया गया।
इसी क्रम में तहसील सादाबाद के राघव प्रोविजन स्टोर से गुड टाइम परफेक्ट ब्रांड चाय पत्ती, कुरसंडा स्थित चौधरी मिष्ठान भंडार से खोया, गोपुरा स्थित किरन डेरी से पनीर तथा मई स्थित जय शिव मिष्ठान भंडार से पनीर के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
इसके अतिरिक्त सासनी गेट स्थित अग्रवाल प्रोविजन स्टोर, गोविंद किराना स्टोर, पथरिया ट्रेडर्स, प्रशांत ट्रेडर्स और राहुल प्रोविजन एंड जनरल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। वहीं अग्रवाल प्रोविजन स्टोर से व्रत में प्रयोग होने वाले समा चावल का नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, सुरेंद्र कुमार और ओमकार कुशवाहा उपस्थित रहे। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

INPUT – RAHUL SHARMA











