
Visitors have accessed this post 14 times.
हाथरस । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हाथरस में ईवीएम (Electronic Voting Machine) एवं वीवीपैट (VVPAT) वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के दरवाजों पर लगी सील को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष खोला गया तथा सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस कक्ष की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई सभी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें पूर्णतः सुरक्षित हैं तथा उनकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात किया गया है। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने भ्रमण पंजिका पर हस्ताक्षर भी किए। 
निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जैपाल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश बाबू, सुनील वर्मा एडवोकेट (प्रशासनिक प्रमुख, भाजपा), अजय सिकरवार (उपाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी), राजकपूर (जिलाध्यक्ष, बसपा), सीपीआईएम के जिला सचिव, रहमत अली (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी), विवेक उपाध्याय (जिला अध्यक्ष, कांग्रेस) सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









